Loading ...
बिलासपुर

छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ ने दी मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि, पत्रकारों ने कहा पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू करे सरकार, अन्यथा होगा प्रदेश व्यापी आंदोलन

बिलासपुर । बिलासपुर स्थित डीपी चौबे स्मृति प्रेस क्लब ट्रस्ट भवन में आज छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ ने एक भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस सभा में दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि दी गई और बीजापुर में शहीद हुए जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सभा में छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी ने कहा, “मुकेश चंद्राकर की हत्या हम सभी पत्रकारों के लिए एक बड़ा झटका है। हम सरकार से मांग करते हैं कि उनके परिवार को आर्थिक मदद के साथ-साथ एक सरकारी नौकरी भी दी जाए। साथ ही, पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत कानून बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।”

सुरेंद्र वर्मा ने कहा, “सभी पत्रकार संगठनों को मिलकर सरकार पर दबाव बनाना चाहिए ताकि पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द से जल्द लागू हो सके। इसके अलावा, पत्रकार राहत कोष भी बनाया जाना चाहिए।”


ललित गोपाल ने कहा, “पत्रकारों को एकजुट होकर पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए लड़ना होगा और मुकेश चंद्राकर के परिवार को हर संभव मदद करनी चाहिए।”


तपन गोस्वामी ने भी पत्रकारों से एकजुट होने का आह्वान किया,ताकि पत्रकारों के खिलाफ किसी भी तरह की दुर्भावना से की गई कार्यवाही में हम न्याय दिला सके।

प्रकाश चंद्र अग्रवाल के कहा कि किसी भी पत्रकार की इस तरह हत्या हो जाना बहुत ही दुखद है । सरकार पत्रकारों की सुरक्षा के लिए तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करे अन्यथा प्रदेश व्यापी व्यापक आंदोलन के लिए पत्रकारों को बाध्य होना पड़ेगा।


छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी संतोष मिश्रा ने कहा, “पत्रकारों को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए और एकता का प्रदर्शन करना चाहिए। एकता में ही ताकत है।”


सभा में सभी पत्रकारों ने मुकेश चंद्राकर के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और बीजापुर में शहीद हुए जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।