
बिलासपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। शहर में गाड़ियों की संख्या दिनो दिन बढ़ते जा रही है। ऐसे में चौड़ी सड़क का होना अत्यंत आवश्यक है।लेकिन कुछ लोग ठेले लगाकर ,तो कुछ लोग दुकानों के सामनों को मेन रोड तक बाहर निकाल कर यातायात को बाधित कर रहे है। जिसके लिए यातायात पुलिस अब बड़ी कार्यवाही के मूड में नजर आ रही है।

इसी कड़ी में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में जिले ए टू जेड मल्टी ब्रांड, रॉयल मोटर कार सर्विस एंड गैरेज के संचालक के द्वारा अमेरी चौक गौरव पथ रोड में कार वाश, कार डेंटिंग-पेंटिंग, कार सर्विस एवं सभी प्रकार के गाड़ियों के एक्सिडेंटल वर्क के नाम पर चौक के पास संचालित गैरेज के सामने रखे गए बंद गाड़ियों को जो अनावश्यक तरीके से सड़क मार्ग में खड़ी करने के कारण कारण मार्ग को बाधित कर रही थी। लिफ्ट कर जप्ती की कार्यवाही कराई गयी।
पुलिस के अनुसार मोटर गैरेज के संचालक को महीनों पूर्व से ही लगातार समझाइस एवं चेतावनी दी जा रही थी उसके बावजूद भी गैरेज के सामने वाहनों को बेतरतीब तरीके से खड़ी करके यातायात को बाधित किया जा रहा था। गैरेज के सामने जाम जैसी स्थिति बन रही थी बार-बार हिदायत के बावजूद भी अपने आदतों से बाज नहीं आने के कारण उक्त गैरेज में यातायात पुलिस एवं नगर निगम के द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई है।
इन गैरेज संचालकों द्वारा गैरेज के सामने वर्षों से पुरानी बिगड़ी हुई गाड़ियों को मुख्य मार्ग में ही खड़ी करके रखी गई थी जिससे ग्राहकों की गाड़ी खड़ी करने हेतु जगह का अभाव था साथ ही पूरी लाइन से बेतरतीब रूप से गाड़ियों को गैरेज के अंदर न रखकर बाहर रखे जाने से कभी भी किसी भी समय वाहन चालकों के वाहन चालन के दौरान बिना संकेतक कोन्स और इंडिकेटर के बन्द खड़ी गाड़ियों से टकराने से गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं की जा सकती थी।
अतः यातायात व्यवस्था एवं वाहन चालकों के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्यवाही की गई है। साथ ही शहर के समस्त गेराज संचालकों, सेकंड हैंड मोटरसाइकिल के विक्रेताओं एवं दोपहिया तीन पहिया वाहनों के मरम्मत करने वाले गैरेज संचालकों को भी हिदायत दी गई है कि अपने-अपने गैरेज के सामने किसी भी स्थिति में बन्द या बिगड़ी हुई गाड़ियों को खड़ी करके ना रखें।
गैरेज के सामने आने वाले ग्राहकों के वाहनों की खड़ी करने हेतु व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित रखें ताकि कहीं पर भी यातायात व्यवधान की स्थिति का सामना न करना पड़े और लोगों को सरल सुगम सुव्यस्थित एवं सुचारू आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।
यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति में इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी अतः समस्त गैरेज संचालकों, फुटकर व्यवसायियों, दुकानदारों एवं अन्य संचालकों जिनके द्वारा मुख्य रूप से सड़क मार्ग को बाधित कर व्यवसाय की जा रही है उन्हें यातायात पुलिस की सख्त हिदायत, अपील, अनुरोध एवं समझाइस दी गयी कि शहर में सुचारू आवागमन हेतु यातायात नियमो का पालन करते हुए ही व्यवसाय का संचालन करें।