
बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार में मंगलवार दोपहर हुई ठगी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एक महिला ग्राहक बनकर अजय ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची और नकली ब्रेसलेट देकर करीब दो लाख रुपये का असली सोना लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक अजय कुमार शाह (62 वर्ष) दुकान पर मौजूद थे। दोपहर लगभग 1 बजे एक महिला, जिसकी उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है और जिसने काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था, दुकान पर आई। उसने 23 कैरेट का एक ब्रेसलेट दिखाते हुए उसे बदलने की मांग की।
संचालक ने ब्रेसलेट की जांच कर महिला को 15 ग्राम वजन का नया ब्रेसलेट दिखाया, जिसकी कीमत लगभग ₹1,86,000 थी। महिला ब्रेसलेट लेकर दुकान से बाहर निकल गई।
कुछ देर बाद संदेह होने पर अजय शाह ने दिए गए ब्रेसलेट की जांच कराई, जिसमें सामने आया कि महिला ने जो ब्रेसलेट दिया था, वह सोने का न होकर नकली धातु से बना था। ठगी का अहसास होते ही व्यापारी ने तुरंत अन्य ज्वेलर्स को सतर्क किया और फिर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल आरोपी महिला फरार है और उसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।