
बिलासपुर। मोपका–सेंदरी बायपास रोड स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल की छत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान हुए हादसे में मजदूर की मौत के मामले में आखिरकार सरकंडा पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना को हुए करीब एक सप्ताह बीत चुका था।
हादसा 29 अगस्त की सुबह करीब 8.30 बजे हुआ था। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर बिलासपुर के ठेकेदार धीरेन्द्र पन्ना द्वारा स्कूल में सोलर पैनल लगाने का काम कराया जा रहा था। काम के दौरान ठेका फर्म के स्टाफ रामकुमार यादव (शिवरीनारायण निवासी), नंदलाल, राहुल और अमरनाथ चंदु मौजूद थे।
इसी दौरान रामकुमार यादव छत से अचानक नीचे गिर पड़ा। जोरदार धमाके के साथ गिरने से उसके कंधे और पैर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सरकंडा पुलिस को अस्पताल से मेमो के जरिए दी गई। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
करीब सप्ताहभर बाद पुलिस ने ठेकेदार धीरेन्द्र पन्ना के खिलाफ काम के दौरान सुरक्षा के मानकों की अनदेखी और लापरवाही बरतने का आरोप मानते हुए धारा 106 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
मृतक रामकुमार यादव चूंकि शिवरीनारायण का निवासी था, इसलिए स्थानीय स्तर पर कोई बड़ा विरोध या बवाल नहीं हुआ। लेकिन घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा इंतज़ामों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।