समग्र हिंदू समाज ने आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर, गौ रक्षक रामसिंह ठाकुर पर दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की

बिलासपुर ।समग्र हिंदू समाज बिलासपुर के द्वारा आज बिल्हा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 378/2025 के संबंध में गौ रक्षक ठाकुर रामसिंह एवं उनके साथियों पर लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हिंदू समाज द्वारा कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि रामसिंह ठाकुर को सूचना मिली थी कि बिल्हा के उड़ियापारा क्षेत्र में गौ हत्या कर मांस की बिक्री की जा रही है। इस पर उन्होंने प्रशासन को पूर्व में ही सूचना दे दी थी। समाज का कहना है कि घटना स्थल पर प्रशासन पहले से मौजूद था, और वहां किसी भी जातिसूचक शब्द या जातिगत उत्पीड़न की बात नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान गौ रक्षकों पर स्थानीय निवासियों द्वारा हमला किया गया, जिसकी सूचना मिलने पर ठाकुर रामसिंह घायल गौ रक्षकों को लेकर थाने पहुंचे। इसके बावजूद उन पर झूठा प्रकरण दर्ज कर एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
हिंदू समाज ने कहा है कि इस कार्रवाई से समाज में रोष व्याप्त है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर गौ रक्षकों को न्याय दिलाने की मांग की गई है।
—समग्र हिंदू समाज, बिलासपुर