कोटा विधायक के विधानसभा में उठाए गए सवाल का दिखा असर, खनिज विभाग जागा, अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वाली गाड़ियों पर अभियान चलाकर की कार्यवाही

बिलासपुर। खनिज विभाग द्वारा मंगलवार को एक बड़ा अभियान चलाकर अवैध परिवहन एवं उत्खन करने वाले गाड़ियों पर व्यापक कार्यवाही करते हुए 7 गाड़ियों को पकड़ा गया।
आपको बता दे कि कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा हाल ही में कोटा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी एवं रेत की अवैध उत्खनन एवं परिवहन का मामला सदन में उठा गया था। जिसके बाद आज कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग के द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर व्यापक कार्रवाई की गई ।

खनिज विभाग द्वारा जिले के कोटा क्षेत्र के कोटा, बेलगहना, कोनचरा वही बिलासपुर से लगे बिरकोना, सरकंडा, सिरगिट्टी, सिलपहरी, चकरभाठा, मुढ़िपार, रहँगी क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वाली गाड़ियों पर कार्यवाही की गई।
जिसमें खनिज विभाग ने अपनी कार्यवाही में कोटा क्षेत्र के कोनचरा से खनिज रेत का अवैध परिवहन करते 02 ट्रेक्टर ट्राली को जप्त किया ।

वही सिलपहरी क्षेत्र से खनिज साधारण पत्थर का अवैध उत्खनन करते पाये जाने पर 01 जेसीबी वाहन तथा 01 हाइवा वाहन को जप्त किया । चकरभाठा क्षेत्र से खनिज मुरुम का अवैध परिवहन करते पाये गए 03 हाइवा वाहनों को जप्त किया । इस तरह कुल 07 वाहनों को जप्त कर पुलिस थाना सिरगिट्टी व चकरभाठा के अभिरक्षा मे रखा गया है।