जेल रोड स्थित श्री बाबा बंदीछोर दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर विशाल भंडारे एवं भजन संध्या का आयोजन

बिलासपुर। जेल रोड स्थित श्री बाबा बंदीछोर दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल,दिन गुरुवार को भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दिन भर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन, भंडारा और भजन संध्या का आयोजन रखा गया है।

मंदिर के पुजारी सुशील मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:00 बजे हनुमान जी के दुग्धाभिषेक से होगी। इसके पश्चात विधि-विधान से चोला चढ़ाकर भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर के बाद शाम 4:00 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा, वहीं संध्या 7:00 बजे महाआरती के बाद भोग एवं विशाल भंडारे का वितरण प्रारंभ होगा।

उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से भक्तों के सहयोग से हनुमान जयंती के अवसर पर मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी करीब 5000 श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है, जिसमें पुड़ी-सब्जी और खीर का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम की खास बात यह रहेगी कि संध्या आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ रत्न से सम्मानित सुप्रसिद्ध भजन गायिका राशी जायसवाल अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगी।
मंदिर के पुजारी ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।