Loading ...
बिलासपुर

भाजपा महिला मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण की नई जिला व मंडल कार्यकारिणी घोषित

गायत्री साहू के नेतृत्व में टीम का विस्तार, विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला बिलासपुर ग्रामीण (छत्तीसगढ़) की नई जिला एवं मंडल कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल के मार्गदर्शन पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गायत्री साहू के द्वारा की गई।


जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला स्तर पर उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


जिला कार्यकारिणी में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों—कोटा, मस्तूरी, बेलतरा सहित अन्य क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की भी सूची जारी की गई है।


वहीं, मंडल स्तर पर भी अध्यक्ष एवं महामंत्रियों की नियुक्ति की गई है। करगीकला, बेलगहना, कोटा, रतनपुर, बेलतरा उत्तर-दक्षिण-पूर्व-पश्चिम, सीपत, देवरीखुर्द, जयरामनगर, मस्तूरी, मल्हार और लोहरसी सहित कुल 14 मंडलों में नई टीम को जिम्मेदारी दी गई है।


महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गायत्री साहू ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।


इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने भी विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करेगी।