
रायपुर। राजधानी रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) द्वारा रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी बरामद की गई है। तलाशी के दौरान अधिकारियों को 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बोरे मिले, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि बस ट्रांसपोर्ट नेटवर्क के जरिए नकली नोटों की बड़ी खेप दूसरे राज्यों में भेजी जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर पांच अधिकारियों की विशेष टीम ने कार्यालय में दबिश दी और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी।

मामले में दो प्रमुख संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें इस नेटवर्क का हिस्सा माना जा रहा है। छोटे मूल्य के नोटों का इतना बड़ा जखीरा मिलने से जांच एजेंसियां भी हैरान हैं, क्योंकि सामान्यतः ऐसे मामलों में बड़े नोटों की बरामदगी होती है।

फिलहाल, बरामद संदिग्ध नगदी के संबंध में थाना न्यू राजेंद्र नगर में धारा 106 बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है।
जांच एजेंसियां अब बरामद राशि के वास्तविक स्वामी का पता लगाने में जुटी हुई हैं। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित लिंक की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।