Loading ...
जीपीएम

मरवाही DIET में गरिमामय ढंग से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह

गौरेला/पेंड्रा/मरवाही। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), मरवाही में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान की प्राचार्य श्रीमती अलका शुक्ला द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।

समारोह के दौरान देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करते हुए उनके योगदान और संघर्ष को नमन किया गया।

इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्य श्रीमती अलका शुक्ला ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के त्याग और संघर्ष को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। देश सबसे पहले है और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हम सभी के भीतर होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित की गई। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा।