Loading ...
बिलासपुर

आजादी के जश्न के साथ प्रेस क्लब में पत्रकारों ने याद किया पत्रकारिता की गौरवशाली विरासत

बिलासपुर। राघवेंद्र राव सभा भवन शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पत्रकारिता के गौरव और राष्ट्रप्रेम का साक्षी बना। बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित समारोह में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

हर साल की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राघवेंद्र राव सभा भवन में बिलासपुर प्रेस क्लब में गरिमामय पूर्ण ध्वजारोहण किया गया,के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत ने वातावरण को भावनाओं से भर दिया। इसके बाद किसी औपचारिक भाषण के बजाय पत्रकारों ने स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारिता की भूमिका को आत्मीयता से याद किया। चर्चा और स्मरण का केंद्र वे दौर रहे, जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा था और पत्रकारों ने समाचार पत्रों तथा अपनी लेखनी के माध्यम से लोगों में चेतना और देशभक्ति जगाने का जोखिम उठाया था।

आजादी के बाद भी पत्रकारिता ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित के सवालों को सामने लाने और सत्ता से सवाल पूछने की जिम्मेदारी निभाई। समारोह में इस विरासत को महसूस करते हुए पत्रकारिता के वर्तमान दायित्वों पर भी आत्ममंथन का भाव नजर आया

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, सचिव संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप सर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वीरेंद्र गहवई,तथा वरिष्ठ पत्रकार पीयूष कांत मुखर्जी, गणेश विश्वकर्मा, रुद्राक्ष गोस्वामी, रितु साहू, रवि शुक्ला, प्रियंका सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।

समारोह ने यह एहसास कराया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि उन अनगिनत संघर्षों और त्यागों की याद भी है, जिनमें पत्रकारों की कलम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देशभक्ति गीतों से गूंजा प्रेस क्लब

ध्वजारोहण के बाद बिलासपुर प्रेस क्लब में देशभक्ति गीत-संगीत का आयोजन हुआ। पत्रकार साथियों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया। गीतों की स्वर लहरियों में कहीं देशप्रेम की मिठास थी तो कहीं आजादी के बलिदान की याद। सुबह 9 बजे शुरू हुआ यह सिलसिला दोपहर 12 बजे तक चला और समारोह को यादगार बना गया।

*इस बार बदली परंपरा, उपाध्यक्ष ने फहराया तिरंगा*

बिलासपुर प्रेस क्लब की परंपरा के अनुसार ट्रस्ट भवन में सचिव और 26 प्रेस क्लब में अध्यक्ष ध्वजारोहण करते हैं। इस बार कार्यकारिणी ने परंपरा से आगे बढ़ते हुए ट्रस्ट भवन में कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने प्रेस क्लब भवन में उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने संयुक्त रूपसे स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया। यह पहल पदाधिकारियों के बीच सम्मान और सहभागिता की भावना का सुंदर उदाहरण बनी।