नशे के अवैध कारोबार और बिना पर्ची दवा बिक्री पर कार्रवाई का असर, औषधि अधिकारी भीष्मदेव सिंह सम्मानित
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए खाद्य एवं औषधि नियंत्रक भीष्मदेव सिंह को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
जिले के खाद्य एवं औषधि नियंत्रक भीष्मदेव सिंह ने विभागीय अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। इसके साथ ही बिना चिकित्सकीय पर्ची के दवाइयों की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोरों पर भी निरीक्षण और छापामार कार्रवाई की गई।
उनकी लगातार कार्रवाई से नशे से जुड़ी प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री करने वालों तथा नियमों की अनदेखी कर बिना पर्ची दवाइयां बेचने वाले मेडिकल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी। कार्रवाई के माध्यम से विभाग ने अवैध रूप से दवाइयों की बिक्री और नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त लोगों को कड़ा संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनके कार्यों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाना विभागीय स्तर पर किए जा रहे प्रभावी प्रवर्तन कार्यों की सराहना के रूप में देखा जा रहा है। सम्मान मिलने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भीष्मदेव सिंह को बधाई दी।