
बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में घोंघा नदी में हुए दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे तीनों बच्चे अचानक तेज हुए नदी के बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल की छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और तीनों बच्चे पानी की धार में बह गए।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने तेज बहाव और विपरीत परिस्थितियों के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया। कल शाम तक एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि दो बच्चों की तलाश रातभर जारी रही। आज सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए।
तीनों मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव समेत पूरे तखतपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कुछ घंटे पहले जिन बच्चों के हाथों में स्कूल की किताबें थीं, उनके शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
शॉर्टकट रास्ता बना मौत का रास्ता
हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान नदी-नालों को पार करने के जोखिम को सामने ला दिया है। तेज बारिश के बाद नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने के बावजूद बच्चों का शॉर्टकट रास्ते से नदी पार करना जानलेवा साबित हुआ।