एक्वा स्पा सेंटर के मालिक ने पत्रकार को दी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी,सिरगिट्टी थाने में दर्ज हुई एफआईआर

बिलासपुर। पत्रकार एवं डेली न्यूज़ टाइम्स के संपादक जिया उल्ला खान की शिकायत पर स्पा सेंटर संचालक अमन सेन के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस ने FIR दर्ज की है। अमन सेन पर फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR के मुताबिक, पत्रकार जिया उल्ला खान, निवासी समृद्धि होम्स, यदुनंदन नगर, थाना सिरगिट्टी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक्वा स्पा सेंटर के संचालक अमन सेन ने फोन किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान अमन सेन ने पत्रकार जिया उल्ला खान के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस से लिखित शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दस्तावेज के अनुसार सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त 2026 को शाम 7:28 बजे FIR दर्ज की। FIR क्रमांक 0616/2026 है। मामले की जांच नरेश कुमार गर्ग, सहायक उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है।
पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। कॉल से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा सकती है। अमन सेन पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि अमन सेन का नाम इससे पहले भी एक महिला कर्मचारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में सामने आया था। वर्तमान FIR में पुलिस ने गाली-गलौज एवं धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
