बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एलायंस एयर की फ्लाइट का टायर पंचर, 37 यात्री और 4 क्रू सुरक्षित

बिलासपुर। दिल्ली से सीधे बिलासपुर आ रही एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) के लैंडिंग के दौरान शुक्रवार, 28 अगस्त को विमान के लेफ्ट साइड का टायर पंचर हो गया। घटना के समय विमान में कुल 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
लैंडिंग के दौरान टायर पंचर होने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर रोका गया। इसके बाद विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को रनवे पर उतारकर सुरक्षित तरीके से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद बिलासपुर से आगे जाने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट को एयरलाइन प्रबंधन द्वारा रद्द कर दिया गया। फ्लाइट का टायर किस वजह से पंचर हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति रही। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित टीमों ने यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया।