Loading ...
बिलासपुर

डॉ. उज्ज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत कोर्ट ने की खारिज, अवैध गर्भपात के मामले में पीड़िता ने पति और डॉक्टर के खिलाफ लिखाई है रिपोर्ट

बिलासपुर। गर्भवती महिला की सहमति के बिना  गर्भपात कराने के एक गंभीर मामले में जिला कोर्ट ने आरोपी महिला डॉक्टर डॉ. उज्ज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। आरोप है कि पति ने तलाक लेने की राह आसान करने के लिए महिला डॉक्टर के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।

पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी पति और निजी अस्पताल की संचालक डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता तीन महीने की गर्भवती थी। इसी दौरान कोरबा निवासी पति सुयश अग्रवाल ने उससे तलाक लेने की मंशा बना ली।

पति को आशंका थी कि यदि बच्चे का जन्म हो गया तो भविष्य में तलाक की प्रक्रिया में बड़ी परेशानी आ सकती है। इसी के चलते उसने जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के साथ मिलीभगत की और पत्नी की सहमति के बिना उसका गर्भपात करा दिया।

गिरफ्तारी से बचने की कोशिश नाकाम

पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी डॉक्टर ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।

सीएसपी परमेश्वर तिलकवार के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है।