
बिलासपुर । कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर दो भाइयों ने एक किराना कारोबारी और उसके परिवार को 48 लाख 90 हजार रुपये की चपत लगा दी। आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी ही नहीं लगाई, बल्कि सोना गिरवी रखकर और रिश्तेदारों, दोस्तों व सामाजिक परिचितों से उधार लेकर भी लाखों रुपये जुटाए।

अब जब रकम वापस मांगने की बारी आई तो दोनों भाई परिवार समेत दुबई चले गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने संस्कृति गारमेंट के संचालक मनीष रोहरा और सुनील रोहरा के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मिली जानकारी के मुताबिक गांधी नगर, गांधी चौक निवासी दीपक भगतानी 36 वर्ष कतियापारा में किराना दुकान चलाते हैं। वर्ष 2020 से अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लाथ मार्केट के संस्कृति गारमेंट संचालक मनीष और सुनील रोहरा से उनकी जान-पहचान थी। इसी परिचय का फायदा उठाकर दोनों भाइयों ने उन्हें निवेश में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने बताया कि उनके परिचित आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जग्यासी ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीनों में निवेश कर करोड़ों रुपये कमा रहे हैं। उनके जरिए पैसा लगाने पर कम समय में रकम दोगुनी हो सकती है। मुनाफे के लालच में दीपक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 48.90 लाख रुपये दे दिए। इसमें 19.80 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और फोनपे से दिए गए, जबकि शेष रकम नकद दी गई। समय बीतने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा मांगा तो आरोपित कभी जमीन, कभी शेयर मार्केट तो कभी सट्टे में पैसा लगाने की बात कहकर उन्हें टालते रहे। आखिरकार पता चला कि दोनों भाई परिवार समेत दुबई चले गए हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318 (4) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।