Loading ...
बिलासपुर

सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, 05 खाद्य नमूने जब्त और 02 फर्मों को सुधार सूचना की अनुशंसा

बिलासपुर।  आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, बिलासपुर की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. शुभा गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने दो दिनों के भीतर कुल 07 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण का विवरण:

  25 नवंबर 2026 की कार्रवाई: टीम द्वारा जिले के 04 फर्मों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आर. आर. रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी का विधिक नमूना जांच हेतु संकलित किया गया।

26 नवंबर 2026 की कार्रवाई: आज 03 फर्मों का निरीक्षण कर गुणवत्ता जांच हेतु कुल 04 नमूने लिए गए:

द मेड बेकर्स (The Mad Bakers): पैक्ड मसाला खारी एवं बर्गर बन के नमूने।

द बर्गर किंग्स (The Burger Kings): फ्रेंच फ्राइज़ एवं वेज बर्गर के नमूने।

अनियमितताओं पर सख्त निर्देश एवं नोटिस की अनुशंसा:

निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और वाटर टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए गए, उन्हें तत्काल अनिवार्य रूप से इन दस्तावेजों को पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए गए। स्वच्छता एवं आवश्यक मानकों में कमी पाए जाने पर 02 फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार सूचना (Improvement Notice) जारी करने हेतु अभिहित अधिकारी (Designated Officer) को प्रकरण अनुमोदित कर प्रेषित किया गया है।

कार्रवाई में शामिल टीम:

इस संपूर्ण निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी एवं प्रतीक तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संकलित किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, जिसकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।