यूपी चुनाव की तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, बिठूर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हुईं बिलासपुर की गायत्री साहू

बिलासपुर/कानपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी सूत्रों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ प्रदेश से भी भाजपा महिला मोर्चा की लगभग 100 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भेजा गया है।

इसी क्रम में बिलासपुर जिले की भाजपा महिला मोर्चा ग्रामीण की जिलाध्यक्ष गायत्री साहू को उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात स्थित बिठूर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन से मिली जानकारी के मुताबिक, गायत्री साहू बिठूर क्षेत्र के विभिन्न मंडलों और बूथ स्तर पर लगातार प्रवास कर रही हैं।

प्रवास के दौरान वे स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव के लिए बूथ प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा कर रही हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा की यह टीम घर-घर संपर्क और महिला मतदाताओं को संगठन से जोड़ने के अभियान पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।