Loading ...
बिलासपुर

365 दिन का संघर्ष, फिर भी प्रशासन मौन: लिंगियाडीह में पट्टे की मांग को लेकर फूटा आक्रोश; लोगों की चेतावनी— ‘अधिकार मिलने तक नहीं उठेंगे’

बिलासपुर। अपने ही आशियाने और वजूद को बचाने के लिए बिलासपुर के लिंगियाडीह (अपोलो चौक के पास) के रहवासियों का संघर्ष एक साल पूरा कर चुका है। तपती धूप, कड़ाके की ठंड और मूसलाधार बारिश के बीच पूरे 365 दिन सड़क पर गुजार देने के बाद भी प्रशासनिक अमले की चुप्पी नहीं टूटी है। शासन-प्रशासन की इसी संवेदनहीनता और अनदेखी के खिलाफ अब मोहल्लेवासियों का सब्र जवाब दे गया है और उन्होंने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।

Oplus_16908288

निगम की कार्यप्रणाली और दोहरे मापदंडों पर उठे सवाल

प्रदर्शनकारी रहवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और गार्डन के स्थान परिवर्तन के नाम पर यहां जमकर तोड़फोड़ की गई। रहवासियों का कहना है कि जब निगम प्रशासन ने स्वयं 10/ रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से राशि जमा कराई थी, तो अब पट्टा देने में टालमटोल क्यों की जा रही है ?

आक्रोशित लोगों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि जब शहर के मोपका, खमतराई, मंगला और बहतराई जैसे इलाकों में पट्टे वितरित किए जा सकते हैं, तो लिंगियाडीह के निवासियों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

पार्षद ने साधा निशाना, प्रशासन को घेरा

धरने को समर्थन देते हुए स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल ने शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का मौके पर न पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासनिक संवेदनहीनता ऐसी है कि किसी को भी इन बेघर होते परिवारों की पीड़ा नजर नहीं आ रही है।

‘जो जहां है, उसे वहीं मिले पट्टा’ की मांग पर अड़े लोग

भले ही यह पूरा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन एक साल से किसी भी अधिकारी के सुध न लेने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। दशकों से यहां निवासरत लोगों का कहना है कि उनकी पीढ़ियां और जीवन भर की जमापूंजी इसी जमीन से जुड़ी है। अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े प्रदर्शनकारियों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि जब तक “जो जहां है, उसे वहीं पट्टा” देने की मांग पूरी नहीं होती, यह महा धरना अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा।