Loading ...
बिलासपुर

उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर भजन संध्या; स्वस्ति मेहुल के भजनों पर झूमे लोग

बिलासपुर। लोरमी विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर मंगलवार को स्थानीय पुलिस ग्राउंड में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। हिन्दू एकता संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस भक्तिमय शाम में कलाकारों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया और देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत तरु शर्मा म्यूजिकल ग्रुप की शानदार प्रस्तुतियों से हुई। कलाकारों ने “कृपा बरसाए रखना”, “बाजे रे मुरलिया बाजे” और “एक राधा एक मीरा, दोनों ने श्याम को चाहा” जैसे मधुर भजनों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

स्वस्ति मेहुल की प्रस्तुति ने जीता दिल

इसके बाद मंच पर ‘राम आएंगे’ फेम सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वस्ति मेहुल के पहुंचते ही पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उन्होंने गणेश वंदना “एकदन्ताय वक्रतुण्डाय श्री गणेशाय धीमहि” और “ये मेरे गीत तेरे लिए राधा, लय हो तुम, तुम ही भाव हो राधा” जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद जैसे ही उन्होंने अपना चर्चित भजन “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे”, “रघुपति राघव राजाराम” और “श्यामा आन बसो वृंदावन में” गाया, उपस्थित जनसमूह खुद को रोक नहीं पाया और भक्ति भाव में झूमने लगा।

 

शुभकामनाएं देने पहुंचे दिग्गज नेता व प्रशासनिक अधिकारी

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव को जन्मदिन की अग्रिम बधाई देने के लिए प्रदेश भर से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का तांता लगा रहा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला और भावना बोहरा विशेष रूप से शामिल हुए।

 

इसके अलावा महापौर पूजा विधानी, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा नेता रामदेव कुमावत,राजेश सिंह ठाकुर, अजय कुल्हाड़ी सहित कई पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर उपमुख्यमंत्री को बधाई दी।

 

स्थानीय विधायक की अनुपस्थिति रही चर्चा का विषय

भव्य आयोजन और भारी भीड़ के बीच राजनीतिक गलियारों व आम लोगों में एक खास बात की चर्चा भी जोरों पर रही। समारोह में शामिल होने के लिए प्रदेश के अन्य जिलों से मंत्री और विधायक बड़ी संख्या में पहुंचे थे, लेकिन बिलासपुर के स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की कार्यक्रम में अनुपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। लोग इस गैरमौजूदगी के अपने-अपने सियासी मायने निकालते नजर आए।