कोटा बीजेपी प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव धुआंधार चुनाव प्रचार अभियान में जुटे

बिलासपुर : जिले के कोटा विधानसभा सीट पर इस बार सब की निगाह टिकी हुई है । पारंपरिक रूप से कोटा विधानसभा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, लेकिन इस बार यहां मुकाबला बेहद रोचक हो चुका है ।

एक तरफ जहां वर्तमान विधायक और जोगी कांग्रेस की मुखिया डॉ रेणु जोगी मैदान में है तो वही उनके मुकाबले मुख्यमंत्री के बेहद करीबी अटल श्रीवास्तव और भाजपा के बड़े नेता रहे स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र प्रबल प्रताप सिंह भाजपा की टिकट पर कोटा से चुनाव लड़ रहे हैं । कोटा विधानसभा भी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के पिता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव का लोकसभा क्षेत्र रहा है। इसके अलावा भी प्रबल प्रताप सिंह ने इस क्षेत्र में लगातार धर्मांतरण के खिलाफ कार्य करते हुए ऑपरेशन घर वापसी चलाया है, जिस कारण से वे यहां हिंदू हृदय सम्राट माने जाते हैं ।
चुनाव के मैदान में पूरी तरह से कूद चुके भाजपा प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव इन दिनों धुआंधार चुनाव प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं ।
शुक्रवार सुबह वे इसी अभियान के तहत निकले तो उन्हें केंदा में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। तत्काल अपना कार्यक्रम रद्द कर वे दुर्घटना स्थल केंदा के लिए रवाना हो गए, जहां का हाल जानने के बाद वे रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे , जहां घायलों से मिलकर उनके इलाज की समुचित व्यवस्था की। इसके पश्चात प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने रतनपुर में कुछ वरिष्ठ व गणमान्य लोगों से सौजन्य भेंट की और उनसे आशीर्वाद मांगा। तत्पश्चात प्रबल प्रताप सिंह ने चपोरा में भी जनसंपर्क । किया । चपोरा से वे अपने काफिले के साथ दारसागर पहुंचे जहां वे कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। 2000 से अधिक कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इस बार कोटा विधानसभा में कमल खिलाने का आह्वान किया।
उन्होंने यहां बीरणपुर और रतनपुर में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार लगातार हिंदुओं का दमन कर रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंच से प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि प्रदेश में लगातार हिंदुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अब ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा क्योंकि टाइगर अभी जिंदा है।
बदले हुए समीकरण में इस बार भारतीय जनता पार्टी के समक्ष पूर्व विधानसभा चुनावो की अपेक्षा सर्वाधिक बेहतर अवसर नजर आ रहे हैं, जिसे भुनाने में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी कोई कसर छोड़ते नजर नहीं आ रहे।
शुक्रवार को दारसागर में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, जिला महामंत्री मोहित जायसवाल, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व प्रत्याशी काशी साहू , बृजलाल राठौर , रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम रात्रे समेत तमाम मंडल, प्रकोष्ठ, मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।