सेवा संकल्प अभियान : जिला अस्पताल में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” कार्यक्रम का आयोजन
युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल, बिलासपुर में माय हेल्थ माय प्राईड-मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर नितिन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल एवं सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
प्रतिभागियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में सी.एम.दुबे पीजी कॉलेज के प्रोग्राम ऑफिसर श्री रोहित लहरे एवं माय भारत एनएसएस एम्बेस्डकर श्री लोकेश ओगरे सहित जितेंद्र, तनु, पुष्पा, लवली, सिमरन, निशा, प्राची, कृष लहरे, अजय, खगेश, राम, कृष्णा, विनीत एवं विपिन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया।