Loading ...
बिलासपुर

जलसा द डांडिया : बिलासपुर में गरबा-डांडिया का जश्न, तमन्ना भाटिया और टप्पू सेना होंगी आकर्षण का केंद्र

बिलासपुर। नवरात्रि पर्व के अवसर पर इस बार बिलासपुर शहरवासी गरबा और डांडिया की धूम को एक नए अंदाज में जीने वाले हैं। साइंस कॉलेज मैदान में आगामी 23, 24 और 25 सितंबर को होने वाला “जलसा द डांडिया” इवेंट शहर के सबसे भव्य आयोजनों में से एक माना जा रहा है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया और लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा की टप्पू सेना शिरकत करेगी।

इसी कड़ी में मंगलवार को होटल इंटरसिटी में आयोजित सेलिब्रिटी लॉन्चिंग सेरेमनी में आयोजन समिति ने आधिकारिक रूप से इस बड़े इवेंट की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान शिरकत करने वाले सितारों के नाम उजागर किए गए। इस अवसर पर रॉयल स्वीट्स के संचालक सुनील छाबड़ा, होटल इंटरसिटी के संचालक तन्मित छाबड़ा, आलोक केडिया, मृत्युंजय शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया रहेंगी मुख्य आकर्षण

फिल्म बाहुबली से देशभर में लोकप्रियता हासिल करने वाली तमन्ना भाटिया इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगी। वह अपनी शानदार फिल्मों और बेहतरीन डांसिंग स्किल्स के लिए पहचानी जाती हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्में ओडेला 2 और स्त्री 2 भी दर्शकों को खूब पसंद आई हैं। आने वाले समय में भी तमन्ना कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाली हैं, जिनमें सिकंदर का मुकद्दर, वनः फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट और वेब सीरीज डू यू वॉन्ट पार्टनर शामिल हैं। ऐसे में बिलासपुर के दर्शकों के लिए यह अवसर बेहद खास होने वाला है।

टप्पू सेना और अन्य कलाकार भी होंगे शामिल

टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा से जुड़े कई कलाकार इस इवेंट में अपनी मौजूदगी से माहौल को और खास बनाएंगे। इनमें टप्पू, सोनू, गोली, गोगी, पिंकू, बाघा, बावरी, डॉक्टर हाथी, तारक मेहता, शरद सांकला (अब्दुल) जैसे नाम शामिल हैं। साथ ही सिंगर ट्विंकल साहू भी अपनी प्रस्तुति देंगी।

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान

आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की। एसपी ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया है। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की जा रही है, ताकि ट्रैफिक सुगम बना रहे।

दर्शकों के लिए मनोरंजन और सुविधाएं

कार्यक्रम में आने वाले परिवारों और बच्चों के मनोरंजन के लिए मिनी पार्क, टॉय पार्क जैसी विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस तीन दिवसीय इवेंट में करीब 1 लाख दर्शक शामिल होंगे।

इवेंट में लगे फूड और गेमिंग स्टॉल्स दर्शकों के अनुभव को और समृद्ध करेंगे। वहीं, पास और स्टॉल से संबंधित जानकारी के लिए आयोजन समिति ने विशेष नंबर भी जारी किए हैं।

नवरात्रि के रंगों में डूबेगा बिलासपुर

इस भव्य आयोजन के जरिए बिलासपुरवासी नवरात्रि के पारंपरिक रंगों के साथ-साथ बॉलीवुड और टेलीविजन की सितारों से सजी शाम का लुत्फ उठाएंगे। जलसा द डांडिया केवल एक सांस्कृतिक उत्सव ही नहीं, बल्कि शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।