Loading ...
क्राइमबिलासपुर

बिलासपुर गोलीकांड में नया खुलासा: कांग्रेस नेता अकबर खान गिरफ्तार, साजिश में तारकेश्वर-नागेंद्र पर भी शक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जनपद उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर हुई फायरिंग केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता अकबर खान एवं देवेश उर्फ निक्कू सुमन को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार राजनीतिक वर्चस्व और जमीन कारोबार में टकराव इस हमले की मुख्य वजह बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गोलीबारी से पहले मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत की अकबर खान के साथ एक गुप्त बैठक हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने खान को हिरासत में लिया। उसके साथ आरोपी देवेश सुमन उर्फ निक्कू सुमन को भी पकड़ा गया है।

दो नेताओं पर सुपारी देने का आरोप

पुलिस का दावा है कि नीतेश सिंह को मारने की साजिश में कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय की भूमिका भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि तारकेश्वर ने हमलावरों को देने के लिए 1 लाख रुपए उपलब्ध कराए थे। फिलहाल दोनों नेता फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

मास्टरमाइंड समेत 9 गिरफ्तार, हथियार बरामद

घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर विश्वजीत अनंत, उसके भाई समेत शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 पिस्टल और कट्टा बरामद किया है। हथियार उत्तर प्रदेश से लाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

क्या था मामला?

28 अक्टूबर की शाम मस्तूरी जनपद कार्यालय में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने नीतेश सिंह के कक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग के चलते आरोपी मौके से भाग निकले। हमले में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और रिश्तेदार राजू सिंह घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

CCTV में कैद हुई बैठक

एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, विश्वजीत और अकबर खान के बीच हुई बैठक का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूछताछ में दोनों नेताओं के जमीन कारोबार संबंधी विवाद में लिप्त होने की जानकारी मिली है।

आगे की कार्रवाई

पुलिस अब फरार आरोपियों तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय की गिरफ्तारी के लिए टीम तैनात कर रही है। साथ ही हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।