Loading ...
क्राइमबिलासपुर

कोनी–सेंदरी रोड पर भीषण सड़क हादसा: दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल

बिलासपुर। कोनी–सेंदरी रोड पर बीती रात तेज रफ्तार के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क से नीचे उतरकर तीन से चार बार पलट गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सक्ती–डभरा के ग्राम खरकेना निवासी ईशु रत्नाकर, जो बिलासपुर में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहा था, रविवार रात अपने दोस्तों भास्कर राजपूत, अभिषेक बघेल, शेखर चंद्रवंशी और श्याम सिंह राजपूत के साथ रतनपुर रोड की ओर खाना खाने जा रहा था। कार ईशु चला रहा था। कोनी क्षेत्र पार करते ही तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और कई बार पलट गया।

हादसे में ईशु रत्नाकर और भास्कर राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अभिषेक, शेखर और श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कोनी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों मृतकों के शव को सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां सोमवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस घायल युवकों से हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। वहीं, तेज रफ्तार को एक बार फिर मौत की वजह बताते हुए पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखने की अपील की है।