Loading ...
क्राइमबिलासपुर

एक माह पूर्व मिली अधजली लाश के रहस्य का पुलिस ने किया खुलासा, शराब के नशे में की गई थी हत्या, हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना सिरगिटटी क्षेत्र के सब्जी मंडी रोड, तिफरा में एक माह पूर्व मिली अधजली लाश के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों, टावर डंप, स्थानीय जानकारी और CCTV विश्लेषण के आधार पर मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस हत्याकांड के आरोपियों तक पहुंची। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक माह पहले मिला था अधजला शव


दिनांक 07 नवंबर 2025 को होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात पुरुष का अधजला शव मिला था। शव की पहचान हेतु राज्यभर में इश्तहार जारी किए गए, गुमशुदगी रिपोर्टों से मिलान कराया गया और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से मिले मोबाइल नंबर से परिजनों को खोजा गया। मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेमिया नेवारी थाना जुगैल, जिला सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई।

विशेष टीम गठित कर की गई जांच


घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा–निर्देशन में थाना सिरगिटटी, सिविल लाइन, सरकंडा, तारबाहर, ACCU व साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी जांच, CCTV फुटेज, मुखबिरों की सूचना एवं स्थानीय गतिविधियों की पड़ताल के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

शराब पीते समय हुआ विवाद, पत्थर से वार कर की हत्या
जांच में सामने आया कि मृतक गोपाल होटल ग्रैण्ड लोटस के पीछे सब्जी मंडी रोड किनारे शराब पी रहा था। उसी दौरान आरोपी अरुण दास मानिकपुरी (30 वर्ष) और धनेश लोधी उर्फ राजू (34 वर्ष) भी वहां पहुंचे। शराब सेवन के दौरान मृतक और आरोपी धनेश के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर मृतक की पिटाई की और पास में रखे पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक का शव और उसके कपड़े जला दिए।

दोनों आरोपी गिरफ्तार


लगातार अनुसंधान के बाद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गहन पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी अरुण दास मानिकपुरी एवं धनेश लोधी उर्फ राजू को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।