Loading ...
क्राइमबिलासपुर

व्यापार विहार में ठगी के आरोपी की बेरहमी से पिटाई
कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल, भीड़ द्वारा न्याय की प्रवृत्ति चिंताजनक. देखिए वीडियो…

बिलासपुर। बुधवार की देर शाम व्यापार विहार क्षेत्र में एक बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब कोरबा निवासी एक ठगी के आरोपी को कुछ व्यापारियों ने सामान लेते समय पकड़ लिया। आरोप है कि संदिग्ध के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी की शिकायतें थीं। पकड़ते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और देखते ही देखते भीड़ ने आरोपी की अधमरा होने तक बेरहमी से पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुँची और भीड़ से उसे छुड़ाकर तारबाहर थाना ले जाया गया, जहाँ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो

कानून को हाथ में लेने की घटनाएँ खतरनाक संकेत

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल कानून व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है। जब थाने, पुलिस और न्यायालय मौजूद हैं, जो अपराधियों को उनके अपराध के मुताबिक सजा देने का अधिकार रखते हैं, तो फिर लोग खुद ‘न्याय’ करने के लिए सड़क पर उतर क्यों जाते हैं?

कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी आरोपी को पकड़ना पुलिस का काम है, लेकिन भीड़ द्वारा हिंसा न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि यह सामाजिक व्यवस्था के लिए भी बेहद खतरनाक है। अगर लोग इस तरह कानून हाथ में लेते रहे तो अराजकता बढ़ना तय है।

क्या भीड़ पर होगी कार्रवाई?

अब सवाल यह भी उठ रहा है कि आरोपी की पिटाई करने वालों पर क्या कोई कार्रवाई होगी? कानून स्पष्ट कहता है कि किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति मारना, घायल करना या भीड़ बनाकर हमला करना स्वयं में दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में भी पुलिस की जिम्मेदारी बनती है कि स्थिति को देखते हुए दोषियों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

फिलहाल, पुलिस ने ठगी के आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शहर में इस घटना को लेकर कानूनी प्रक्रिया और भीड़ न्याय (मॉब जस्टिस) पर नई बहस छिड़ गई है।