
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के लोफदी फोकटपारा में बुधवार को पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जितेंद्र केवट पिता लाला राम केवट, उम्र 35 वर्ष, निवासी खपरी थाना तखतपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी संतोषी केवट पर चरित्र शंका के चलते लोहे के सब्बल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोनी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह को अवगत कराया। उनके निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम तैयार की गई।
प्रार्थिया कुंती केवट की रिपोर्ट पर मर्ग व अपराध दर्ज करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों में दबिश दी। आरोपी दिगर राज्य भागने की कोशिश में था, जिसे पुलिस ने सूझबूझ व अथक प्रयास से पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।