ढाबे में मारपीट करने वाले आरोपी को सकरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी से चाकू भी पुलिस ने किया बरामद

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में ढाबे पर हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को तारबाहर चौक निवासी हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य साहू और आदित्य मुदलियार के साथ भवानी ढाबा खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद वहां मौजूद सुमीत यादव ने आदित्य साहू से गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी अपने 6-7 साथियों के साथ मिलकर डंडे, पाइप और पत्थर से हमला करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और हर्ष पटेल का मोबाइल फोन पटककर तोड़ दिया।
घटना की शिकायत मिलने पर सकरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 467/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 324(4) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने टीम के साथ कार्रवाई की।
पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सुमीत यादव (23 वर्ष), निवासी अशोक नगर बहतराई को ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई।
पुलिस ने भवानी ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी सहित थाना पहुंचकर कार्रवाई में व्यवधान डालने वाले उमेश शर्मा और निशान गुप्ता के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।