आदिवासी समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सर्व आदिवासी समाज की शिकायत पर हुई कार्रवाई

बिलासपुर/गरियाबंद। सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के अमलीपदर निवासी संस्कार (ब्राह्मण समाज) द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट से आदिवासी वर्ग समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र और अश्लील टिप्पणी की गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर सर्व आदिवासी समाज जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) ने कड़ी नाराजगी जताई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की सूचना गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना को भेजी गई। इसके बाद अमलीपदर पुलिस ने शिकायत की जांच कर आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सर्व आदिवासी समाज (युवा प्रभाग) छत्तीसगढ़ ने सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है।