अपराध के खिलाफ बिलासपुर पुलिस सख्त: 21 फरार आरोपीयों को अभियान चलाकर किया गिरफ्तार, 201 वारंटियों और 163 समंस भी तामील, 104 निगरानीशुदा बदमाशों का सत्यापन

बिलासपुर। जिले में लंबित न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 21 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 201 वारंट और 163 समंसों की तामिली सुनिश्चित की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत न्यायालयों से जारी लंबित वारंटों और समंसों की तामिली के साथ-साथ लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट और 39 स्थाई वारंट सहित कुल 201 वारंटों की तामिली की गई। इसके अलावा 163 समंसों का सफलतापूर्वक पालन कराया गया।

विशेष अभियान में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं 104 निगरानी गुंडों और बदमाशों की चेकिंग कर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा आवश्यक समझाइश और निर्देश दिए गए।
पूरे अभियान के दौरान कुल 489 कार्रवाईयां की गईं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से न्यायालयीन आदेशों के पालन में तेजी आई है और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिली है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर अंकुश लगाने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
प्रमुख आंकड़े :
गिरफ्तारी वारंट तामील : 77
जमानती वारंट तामील : 85
स्थाई वारंट तामील : 39
समंस तामील : 163
फरार आरोपी गिरफ्तार : 21
निगरानी गुंडा/बदमाश चेकिंग : 104
कुल कार्यवाही : 489