बृहस्पति बाजार जल्द ही अपने नए एवम खूबसूरत आधुनिकतम लुक में नजर आएगी

बिलासपुर। बृहस्पति बाजार जल्द ही अपने नए एवम खूबसूरत आधुनिकतम लुक में नजर आएगी।
नगर निगम,बिलासपुर डीएमएफ फंड के 13 करोड़ 39 लाख से बृहस्पति बाजार का कायाकल्प करने जा रही है। जिससे सब्जी बाजार सर्वसुविधायुक्त एवम अपने आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी।
जिससे शहरवासियों को भी सुगम पार्किंग के साथ सुव्यवस्थित बाजार मिलेगा। वही सब्जी बेचने वालो को भी सुव्यवस्थित बैठने का स्थान, टॉयलेट,नाली,पीने का साफ पानी, समान रखने के लिए स्टोरेज और पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
नगर निगम की इस पुनर्विकास योजना के तहत एक मंजिला बाजार जल्द तैयार करेगा जिसके ग्राउंड फ्लोर में 242 बड़े आकार के चबुतरें बनाएं जाएंगे,अभी व्यवसाय कर रहें सब्जी विक्रेताओं को इन 242 चबुतरों को आबंटित किया जाएगा। वर्तमान में जिस चबुतरें पर व्यापारी सब्जी का व्यवसाय कर रहें हैं उसका आकार 6 बाई 8 का है,नए चबुतरें का आकार 7 बाई 10 का होगा जिससे व्यापारियों को पहले से ज्यादा अच्छे और बड़े चबुतरे मिलेंगे। इसके अलावा प्रत्येक चबुतरें के नीचे स्टोरेज के लिए दरवाजे की सुविधा के साथ स्थान भी मिलेगा। जहां व्यापारी अपना सामान रख सकेंगे।
वर्तमान बाजार में सिर्फ चबुतरा भर हैं स्टोरेज के लिए स्थान नहीं हैं। इसके साथ ही भवन के बेसमेंट में पार्किंग रहेगा जहां 50 कार और 170 बाइक एक समय में पार्क किया जा सकेगा। भवन के प्रथम तल में 66 दुकानें भी तैयार की जाएगी।
इसके अलावा बिल्डिंग में व्यापारियों और नागरिकों के लिए टायलेट भी बनाया जाएगा,अभी के बृहस्पति बाजार में जिसकी सुविधा नहीं हैं, पास के सुलभ शौचालय में लोगों के जाने की मजबूरी हैं। नए भवन में लिफ्ट,सीढ़ी,पानी की सुविधा और आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम तैयार किया जाएगा। पुनर्विकास के बाद बृहस्पति बाजार आकर्षक लाइटिंग और बेहतर व्यवस्था के साथ आकर्षक और सुंदर नजर आएगा।
बाजार निर्माण तक के लिए मिशन स्कूल मैदान में इन लोगो को बाजार लगाने की अनुमति दी गई है।