मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने पुतला दहन कर की जमकर नारेबाजी
बिलासपुर। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को बिलासपुर में विरोध प्रदर्शन किया। शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस भवन से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस ने यह प्रदर्शन हाल में सामने आई उस रिपोर्ट के विरोध में किया, जिसमें दावा किया गया है कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में निर्वाचन आयोग के कुछ फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, इन आपत्तियों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता नाम हटाने तथा निर्वाचन संबंधी आईटी सिस्टम और डेटाबेस के केंद्रीकरण जैसे मुद्दे शामिल थे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी का कहना है कि विपक्षी नेता राहुल गांधी और कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं और अब निर्वाचन आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आने से उनके आरोपों को बल मिला है।

कांग्रेस ने मांग की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी भी की।
हालांकि, इन आरोपों के बीच निर्वाचन आयोग की ओर से कहा गया है कि SIR समेत आयोग के सभी निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से लिए गए और निर्णय सर्वसम्मति से हुए।
कांग्रेस ने अपने विरोध प्रदर्शन के जरिए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ-साथ कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में बदलावों की जांच की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
इस प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री सहित अटल श्रीवास्तव, शैलेश पांडेय, प्रमोद नायक,विजय पांडेय, विनोद साहू, माया पांडे, शिल्पी तिवारी, लक्ष्मी साहू आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।