
बिलासपुर। नवरात्रि पर्व पर शहर में माँ दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया आयोजनों को लेकर पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था बनाई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस बिलासपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, जिससे शहर में भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
पुलिस के अनुसार, गोड़ पारा माँ दुर्गा दर्शन स्थल (न्यू रिवर व्यू) में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है। यहाँ आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं – लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर, हैप्पी स्ट्रीट, बाजपेई मैदान, कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग, राम सेतु सरकंडा मार्ग, फुटबॉल ग्राउंड आदि।
इसी तरह, जलसा गरबा डांडिया (साइंस कॉलेज परिसर) आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था खेल परिसर, सरकंडा रोड पर की गई है। वहीं, पंखिड़ा गरबा डांडिया (सीपीआई हाई कोर्ट रोड) जाने वाले लोग अपने वाहनों को सीपीआई परिसर, बोदरी मार्ग और जीवन विहार मार्ग में पार्क कर सकेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 24 सितम्बर की शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक इन इलाकों में भारी ट्रैफिक दबाव रहेगा। इसलिए नागरिक छोटे वाहनों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। पंडाल परिसरों में किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, एंट्री और एक्जिट मार्ग का पालन करना अनिवार्य होगा ताकि श्रद्धालुओं को प्रतिमा दर्शन और आवागमन में कोई असुविधा न हो।
यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर त्योहार को शांति व सुव्यवस्थित तरीके से मनाएँ।
“जनहित में जारी – बिलासपुर पुलिस“