Loading ...
क्राइमबिलासपुर

सिम्स अस्पताल में हंगामा, तीन आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर | सिम्स अस्पताल के ट्रायेज वार्ड में रविवार देर रात नशे की हालत में उत्पात मचाने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर की रात करीब 1:45 बजे अभय सिंह ठाकुर अपने दो साथियों आकाश सिंह ठाकुर उर्फ प्रकाश और दोनेश्वर सिंह ठाकुर उर्फ रिक्की के साथ अस्पताल पहुंचा। तीनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशी जैन, डॉ. अविनाश कुमार और डॉ. अमन खेतान से गाली-गलौज की, चिकित्सा उपकरण तोड़ दिए, डॉक्टरों से धक्का-मुक्की कर मारपीट की और वीडियो बना रहे डॉक्टर का मोबाइल छीनकर तोड़ डाला। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर अस्पताल में दहशत फैलाने की कोशिश भी की।

घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/25 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(2), 324(2), 3(5), 132 एवं छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा एवं संपत्ति क्षति निवारण) संशोधन अधिनियम 2016 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने बंधवापारा और तिलक नगर में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।