
बिलासपुर/सीपत। सीपत थाने में शौचालय के दरवाज़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तस्वीर वाला बैनर लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला तूल पकड़ता देख एसएसपी रजनेश सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी गोपाल सतपथी को पद से हटा दिया। उनकी जगह सायबर सेल में पदस्थ टीआई राजेश मिश्रा को सीपत थाने का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि गोपाल सतपथी को सायबर सेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुशासन पखवाड़ा के अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों वाले होर्डिंग्स थाने में लगाए गए थे। पखवाड़ा खत्म होने के बाद बैनर थाने में ही रखे रहे, जिन्हें बाद में शौचालय के दरवाज़े पर पर्दे के रूप में उपयोग किया जाने लगा।
जब यह बात भाजपा कार्यकर्ताओं को पता चली, तो वे थाने पहुंचे और जोरदार हंगामा किया। भाजपा ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, उपाध्यक्ष अभिलेष यादव सहित कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान टीआई कार्यकर्ताओं को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया।
सूचना पर सीएसपी निमितेश सिंह थाने पहुंचे और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस विभाग इस घटना की जांच कर रहा है और जिम्मेदारों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।