Loading ...
क्राइमबिलासपुर

छात्र ने की आत्महत्या : सिम्स ईएनटी विभाग की एचओडी डॉ. आरती पांडेय के 19 वर्षीय बेटे ने लगाई फांसी, मानसिक परेशानी से था जूझ रहा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के ईएनटी विभाग की प्रमुख डॉ. आरती पांडेय के बेटे आयुष्मान तिवारी (19 वर्ष) ने अपने चंद्रा पार्क स्थित फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार रात की है। बताया जा रहा है कि आयुष्मान ने कमरे में पंखे से फांसी लगाई, लेकिन उसके वजन से छत का पंखा टूटकर फर्श पर गिर गया। इसके बावजूद गले में फंदा कस जाने से उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, डॉ. आरती पांडेय और उनके पति डॉ. आशुतोष तिवारी (जो स्वयं भी डॉक्टर हैं) छठ पूजा में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। उस समय आयुष्मान घर पर अकेला था। रात करीब 10:30 बजे जब दंपती घर लौटे, तो उन्होंने आयुष्मान को फर्श पर पड़ा पाया। पास में टूटा हुआ पंखा और रस्सी का सिरा उसके गले में बंधा मिला। यह दृश्य देखकर दोनों डॉक्टर दंपती चीख पड़े। पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

टीआई साहू ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आयुष्मान पिछले पांच सालों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल परिजनों के बयान नहीं लिए गए हैं। पुलिस सोमवार को बयान दर्ज करेगी और आगे की जांच करेगी।

घटना की जानकारी मिलते ही सिम्स के डॉक्टर, कर्मचारी, परिचित और रिश्तेदार बड़ी संख्या में रात देर तक डॉक्टर दंपती के घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।