बिलासपुर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई : कबाड़ियों के साथ चाय पीना पड़ा भारी, प्रधान आरक्षक समेत दो आरक्षक लाइन अटैच
बिलासपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित कबाड़ियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच पुलिस विभाग ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार थाना कोनी क्षेत्र में कबाड़ के अवैध व्यापार में संलिप्त दो आरोपियों को पकड़कर थाना लाया गया था।
इसी दौरान यह जानकारी सामने आई कि थाना कोनी में पदस्थ प्रधान आरक्षक (मोहर्रिर) और एक आरक्षक आरोपियों के साथ बैठकर चाय पीते नजर आए। इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।
जारी आदेश के अनुसार प्रधान आरक्षक 814 बलेश्वर तिवारी एवं आरक्षक 1263 अनुज जगाड़े को आगामी आदेश तक थाना कोनी से हटाकर रक्षित केंद्र बिलासपुर संबद्ध कर दिया गया है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी पुलिसकर्मी की संदिग्ध भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
