Loading ...
क्राइम

ऑनलाइन सट्टे पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, “खिलाड़ी बुक” पैनल से सट्टा खिलाने वाले 4 गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने “खिलाड़ी बुक” नामक पैनल के जरिए विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड समेत करीब 22.63 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर रेड कार्रवाई की और संतोष जसवानी, करन श्रीवास समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी “खिलाड़ी बुक” पैनल के माध्यम से विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे थे।

पुलिस ने जब्त किया यह सामान

05 मोबाइल फोन

विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड

नगदी ₹13,48,000

एक टाटा कार

एक स्कूटी


जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब ₹22,63,000 बताई गई है।

सट्टे की रकम पहुंचाने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे की रकम आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

फरार सटोरियों पर पुलिस का शिकंजा

मामले में फरार सटोरियों रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी की तलाश जारी है। बिलासपुर police ने तीनों आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।