Loading ...
क्राइम

क्राइम। पत्नी के प्रेमी को पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर कर दी हत्या



बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सैदा में विवाहेत्तर प्रेम संबंध एक युवक की हत्या का कारण बन गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति और उसके विधि से संघर्षरत पुत्र को अभिरक्षा में लिया है। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार मृतक दावेन्द्र कुमार बघेल (30 वर्ष) निवासी राम्हेपुर, थाना लोरमी, 30 मई को घर से निकला था। दोपहर में परिजनों को सूचना मिली कि वह सैदा स्थित एक मकान में बंद है और उसके साथ मारपीट की जा रही है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो मकान का मुख्य दरवाजा बंद मिला। पीछे की खिड़की से अंदर जाने पर दावेन्द्र का शव कमरे में पड़ा मिला।

जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपी की पत्नी रीना कामले के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। एक माह पहले इसकी जानकारी रीना के पति शिव कामले को हो गई थी, जिसके बाद उसने पत्नी को मृतक से दूर रहने की चेतावनी दी थी।

घटना वाले दिन दावेन्द्र रीना को नया सिम देने सैदा पहुंचा था। इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और अपने नाबालिग पुत्र की मदद से घर के अंदर बुला लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि समझाने के बावजूद दावेन्द्र संबंध खत्म करने को तैयार नहीं था। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों ने मिलकर प्लास्टिक की सुतली व मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंट दिया।

मामले में सकरी पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी शिव कामले तथा उसके पुत्र को अभिरक्षा में लेकर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है।