तेज़ रफ्तार बुलेट पेड़ से टकराई, 20 वर्षीय युवक की मौत; पुलिस, डॉक्टर और स्थानीय लोगों ने बचाने की भरसक कोशिश की

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। जेडीसी कॉलेज के पास चर्च के सामने तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तत्काल अस्पताल पहुंचाने और लगातार सीपीआर देने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवंत और भाजपा नेता धनंजय गौस्वामी थाने के बाहर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। दोनों तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां थाने से लगभग 100 मीटर दूर एक युवक अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 सीसी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिरा हुआ मिला। मोटरसाइकिल युवक के ऊपर ही पड़ी थी।

थाना प्रभारी और धनंजय गौस्वामी ने मिलकर मोटरसाइकिल हटाई तथा युवक का हेलमेट निकाला। तब तक मौके पर काफी भीड़ जमा हो चुकी थी। पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में मौजूद एक डॉक्टर ने मानवता का परिचय देते हुए मौके पर ही युवक को सीपीआर देना शुरू कर दिया। इसी दौरान पत्रकार आकाश दत्त मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। रास्ते भर डॉक्टर द्वारा सीपीआर देने का प्रयास जारी रहा, लेकिन सिम्स अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
बाद में युवक की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से मेहुल सिंह (20 वर्ष), पिता सुरेंद्र सिंह, निवासी पथलगांव के रूप में हुई। घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी गई।
जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर पर भी सक्रियता दिखाई गई। परिजनों तक सूचना पहुंचाने और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा समन्वय किया गया। शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद गृहग्राम भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी कराई गई।
भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता धनंजय गौस्वामी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने युवक को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में युवक की मौत बेहद दुखद है।