Loading ...
क्राइमबिलासपुर

• प्रेमी से दिनभर बात करती थी बहू, सास ने टोकना शुरू किया तो कोल्ड्रिंक में दी कीटनाशक
• गंभीर हालत में अस्पताल से भागी, फिर रिश्तेदारों के साथ चली गई मायके
• छह माह पहले हुई थी शादी, प्रेमी से पिछले 4-5 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
• सास की शिकायत में पुलिस ने बहू के खिलाफ दर्ज किया मामला

बिलासपुर। शादी के बाद पुराने प्रेमी से घंटों बात करते हुए बहू को टोकने और उसका मोबाइल रखवा लेने से बहू ने सास से रंजिश पाल ली और प्रेम-प्रसंग में बाधा डालने वाली सास को कोल्ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिला दी। जिसके बाद अपने मायके वालों को बुलाकर बहू मायके भाग गई। सिविल लाइन पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंगा नगर निवासी रूखमणी ठाकुर ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि 6 माह पहले उसके बेटे की शादी मुंगेली के ग्राम टिंगीपुर चमारी निवासी कविता ठाकुर से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही बहू मोबाइल में घंटों बातें करती थी। इस दौरान सास ने उसे कई बार किसी लड़के से बात करते पकड़ा और उसे समझाइश भी दी, लेकिन इसका असर नहीं हुआ। सास ने उसका मोबाइल रखना बंद करा दिया। अपने प्रेमी से चल रहे अफेयर और सच उजागर होने के डर से 17 जुलाई को जब सास उपवास थी तब बहू ने उन्हें कोल्ड्रिंक दी, जिसे पीने के बाद सास को उल्टी और चक्कर आने लगी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए निजी व फिर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल तक गई साथ, भी भाग गई मायके


घटना के बाद पीड़िता के पति के साथ बहू पहले निजी अस्पताल पहुंची, उसके बाद सिम्स तक साथ गई। इस दौरान घर से चुपके से अपनी सास का मोबाइल भी साथ लेकर गई। जिससे वो अपने मायके वालों को फोन कर टिंगीपुर चमारी से बिलासपुर बुला लिया। अस्पताल से बहाना बनाकर घटनास्थल पर पहुंची और सोने-चांदी के जेवर सहित नगदी लेकर उसी दिन अपने मायके भाग गई। घटना के कुछ दिन बाद मामला रफा-दफा करने की नीयत से समझौते का दबाव भी बनाया, पर पीड़िता के होश में आने के बाद मामले की सच्चाई सामने आई।

प्रेमी ने बताया 4-5 साल पुराना अफेयर


घटना के बाद जब पीड़ित पक्ष ने प्रेमी शैलेंद्र सिंह से संपर्क साधा, तो उसने अपने गांव बुलाया। वहां जाने पर उसने स्वीकार किया कि उसका और कविता का प्रेम प्रसंग पिछले 4-5 वर्षों से चल रहा था। शादी से पहले उसने कविता के सामने विवाह का प्रस्ताव भी रखा था। लेकिन उससे शादी नहीं हो सकी। कविता की शादी के बाद उसने शैलेंद्र की बहन के जरिए पुन: संपर्क साधा और लगातार बातचीत करने लगी।

00 आईसीयू में चला इलाज, कीटनाशक की पुष्टि
17 जुलाई को बहू ने उपवास के दिन सास को धोखे से कोल्ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर दे दिया। जिसके बाद सिम्स अस्पताल में उसका इलाज आईसीयू में चला। पहले परिजनों को पता नहीं था कि कीटनाशक है या कोई अन्य, लेकिन डॉक्टरों ने लैब से सीरम कोलीनेस्टेरेज टेस्ट का स्तर केवल 962.7 यू/एल कीटनाशक का प्रत्यक्ष प्रमाण पाया है। पैथोलॉजी रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर सिविल लाइन थाना ने अपराध दर्ज किया है।

गंभीर मामले में हल्की धारा,पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

प्रेम प्रसंग छुपाने के लिए कोल्ड्रिंक में ज़हर मिलकर जान लेने के प्रयास के बावजूद पुलिस द्वारा मामले में हल्की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने से खाकी की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासी घटना की सच्चाई और हमले की गंभीरता को अच्छी तरह जानते हैं। इसके बाद भी हत्या के प्रयास जैसी कड़ी धारा जोड़ने के बजाय कमजोर धाराओं में मामला दर्ज करना पुलिस की कार्यप्रणाली और मंशा को कटघरे में खड़ा करता है।