०पत्रकार कॉलोनी में भरा दो फीट पानी, लाखों का नुकसान ०पार्षद पर मनमानी का आरोप, कॉलोनीवासियों में आक्रोश

बिलासपुर। शहर के वार्ड क्रमांक 19 कस्तूरबा नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी में बुधवार रात हुई भारी बारिश के बाद दो फीट तक पानी भर गया, जिससे कई घरों के अंदर पानी घुस गया और कीमती सामान सहित वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय नागरिकों ने इसका दोष नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद भरत कश्यप पर मढ़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि पास ही स्थित जतिया तालाब के नाले का गेट पार्षद के आदेश पर जबरन बंद करवा दिया गया, जिससे पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई। नतीजतन, कॉलोनी में जलभराव हो गया और रात भर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
डॉ. सोमनाथ यादव सहित कई निवासियों के घरों में हजारों की सामग्री जलमग्न हो गई। वहीं कार और बाइकों में भी पानी भर जाने से वे खराब हो गईं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने रातभर पार्षद भरत कश्यप, नगर निगम आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया और न ही कोई मदद पहुंची।
पूर्व चेतावनी के बावजूद की गई अनदेखी
कॉलोनीवासियों ने बताया कि पूर्व में कई बार महापौर, निगम आयुक्त और वार्ड पार्षद को लिखित व मौखिक रूप से जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया था। एक बैठक में यह स्पष्ट सहमति बनी थी कि तालाब के किनारे नाले को बंद नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद पार्षद द्वारा कर्मचारियों से नाला जबरन बंद कराया गया, जो कॉलोनीवासियों के अनुसार हठधर्मिता और मनमानी का प्रतीक है।
विधायक और कांग्रेस कमेटी से की शिकायत
गुस्साए कॉलोनीवासियों ने नगर विधायक अमर अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए पार्षद पर तत्काल कार्यवाही की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी से भी नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की अपील की है।
निगम आयुक्त से कार्रवाई की मांग
निवासियों ने आयुक्त नगर निगम बिलासपुर से दोषी पार्षद एवं संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे।