अत्यंत दुखद खबर।NH-130 पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 गायों की दर्दनाक मौत

बिलासपुर।बीती रात बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर कराड गांव के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सिलपाहरी से आगे मेन रोड पर लगभग 2 बजे एक अज्ञात भारी वाहन ने सड़क पर बैठी लगभग 19 गायों को कुचल दिया। इस हृदय विदारक हादसे में सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अक्सर रात के समय हाईवे पर मवेशी बैठ जाते हैं, लेकिन प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पशु प्रेमियों और स्थानीय सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों के कारण जानवरों के साथ-साथ आम लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है।
अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।