अवैध प्लाटिंग पर नगर निगम का प्रहार, 6 स्थानों पर बड़ी कार्रवाई, सड़क, नाला और दो मकान ढहाए गए

बिलासपुर।बिलासपुर नगर निगम ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को शहर के छह अलग-अलग इलाकों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर जोन-7 और जोन-1 में कुल साढ़े 26 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से विकसित किए जा रहे प्लॉटों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।
नगर निगम की टीम ने 7 बुलडोजर और 8 डंपरों की मदद से खमतराई, बिरकोना मार्ग, श्रीरामपुरम कॉलोनी, मारुति विहार और सकरी के अमेरी क्षेत्र में सड़कों, नालियों और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया। शिवा विहार में दो मकान भी तोड़े गए।
इन पर हुई कार्रवाई:
खमतराई-बिरकोना मार्ग: शिवा विहार (नितेश यादव), ललिता देवी शर्मा, बत्तीसा देवी विश्वकर्मा, कुसुमलता बैसवाड़े, मनहरण दास मानिकपुरीबिरकोना रोड: दुलौरिन धुरी, राधेश्याम धुरी, दीपांशु श्रीवास, मोहम्मद इकराम श्रीरामपुरम कॉलोनी: गिरधारी लाल, बंशीधर पटेल, घनश्याम पटेल सकरी (जोन 1): सुनील नागदेव, आनंद साहू इन सभी स्थानों पर बिना अनुमोदन के ले-आउट बनाकर मुरुम, सीसी रोड, नाली और बाउंड्रीवाल जैसी निर्माण गतिविधियाँ की जा रही थीं। निगम का कहना है कि यह अवैध कब्जा है, और भविष्य में भी बिना अनुमति निर्माण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन:
“अवैध प्लाटिंग और बाउंड्रीवाल की शिकायत मिली थी। जांच में जमीन सरकारी निकली, जिसे निगम ने खाली कराया है।”
— प्रवीण शर्मा, जोन-7 कमिश्नर, नगर निगम बिलासपुर