Loading ...
बिलासपुर

अपने ही जन्मदिन के फ्लैक्स हटवाए विधायक अमर अग्रवाल, रास्ता बाधित होने पर लिया तत्काल संज्ञान

बिलासपुर। सड़क किनारे लगाए गए फ्लैक्स के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। फ्लैक्स इस तरह लगाए गए थे कि रास्ता ठीक तरह से दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

मामले की जानकारी विधायक अमर अग्रवाल को मिली तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क किनारे लगे फ्लैक्स को हटवाने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि इन फ्लैक्स में विधायक अमर अग्रवाल के जन्मदिन से संबंधित प्रचार सामग्री लगी हुई थी। इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अपने ही जन्मदिन के फ्लैक्स वहां से हटवा दिए।

फ्लैक्स हटाए जाने के बाद रास्ते की दृश्यता स्पष्ट हो गई और राहगीरों एवं वाहन चालकों को भी राहत मिली। विधायक की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का प्रचार यातायात व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। विधायक द्वारा अपने ही प्रचार से जुड़े फ्लैक्स हटवाने का निर्णय जनसुविधा को प्राथमिकता देने वाला कदम है।