बिलासपुर में धर्मांतरण का भंडाफोड़, प्रार्थना सभा के आड़ में हो रहा था प्रयास

बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। हिंदू संगठनों ने पुलिस के साथ मिलकर सरकंडा थाना क्षेत्र के बंधवापारा में दबिश देकर धर्मांतरण के प्रयास का भंडाफोड़ किया। आरोप है कि प्रार्थना सभा के आड़ में एक ब्राह्मण महिला द्वारा धर्मांतरण कराया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों को लगातार सूचना मिल रही थी कि एक मकान में प्रार्थना सभा के बहाने धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं। सोमवार को भी सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता और पुलिस मौके पर पहुंचे।
मकान मालिक चंद्रिका बाई सूर्यवंशी के घर में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। आरोप है कि संध्या तिवारी नाम की महिला प्रार्थना सभा के नाम पर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने की कोशिश कर रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। मौके से ईसाई धर्म के ग्रंथ, पोस्टर, किताबें और अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने संध्या तिवारी समेत अन्य लोगों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिलाओं से भी बयान लिए जा रहे हैं, जिसके बाद FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदू संगठनों ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, खासकर ब्राह्मण समाज की महिला के शामिल होने पर आक्रोश व्यक्त किया है।