Loading ...
बिलासपुर

केंद्रीय जेल बिलासपुर की गौशाला पहुंचे गौसेवा आयोग के अध्यक्ष
कैदियों की सेवा से 130 गायों का पालन, 90 लीटर दूध का उत्पादन

बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय जैन दिवाकर मंच की गौशाला में बुधवार को छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल पहुंचे। वर्ष 2006 में मात्र 11 गायों से शुरू हुई यह गौशाला अब लगभग 130 गायों तक पहुँच चुकी है। इनकी सेवा जेल में बंद कैदी स्वयं करते हैं। सुबह-शाम मिलाकर लगभग 90 लीटर दूध का उत्पादन होता है, जिसे बेचा जाता है। इसके अलावा गोबर से दीये, खाद सहित अन्य उत्पाद भी बनाए जाते हैं।

निरीक्षण के दौरान विशेषर पटेल ने कैदियों से संवाद करते हुए गौसेवा के लाभ बताए और कहा कि जल्द ही गो-चारा एवं गौमूत्र के उपयोग हेतु नई योजना बनाकर कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके लिए शासन की ओर से सहायता दी जाएगी। साथ ही गौशाला के भूमि विस्तार की योजना तैयार करने के निर्देश जेल प्रशासन को दिए।

गौशाला के संचालन में योगदान दे रहे दिवाकर जैन समाज के सदस्यों से मिलकर विशेषर पटेल ने उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस दौरान सुधीर जैन, महिपाल सुराना, सुनीता जैन, संजय यादव (MIC मेंबर), मनीष मोटवानी (विश्व हिंदू परिषद प्रांत सेवा प्रमुख), सुनीला जैन (मेहकर, महाराष्ट्र), डॉ. ओतलवार, जितेंद्र चौबे सहित जेल के अधिकारीगण मौजूद रहे।