तीज त्यौहार में चेकिंग के नाम पर महिलाओं को परेशान करने वाले हिर्री थाना प्रभारी लाइन अटैच हुए

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में वाहन चेकिंग के नाम पर मनमानी और महिलाओं को परेशान करने वाले हिर्री थाना प्रभारी अवनीश पासवान पर बड़ी कार्रवाई हुई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच (निलंबित) कर दिया है। यह कार्रवाई तब हुई, जब शिकायत सीधे डिप्टी सीएम अरुण साव तक पहुँची।
दरअसल, 20 अगस्त की रात 10:30 बजे एसएसपी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाई थी और स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वाहन चेकिंग जरूर हो, लेकिन उसमें विवेक और संवेदनशीलता का इस्तेमाल किया जाए। खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और परिवार वालों को बेवजह रोकने या परेशान करने से बचने के आदेश दिए गए थे।
लेकिन इसके बावजूद, हिर्री थाना पुलिसकर्मी टोल प्लाजा के पास तीज त्यौहार मनाने जा रहे महिलाओं व परिवार वालों को बार-बार रोककर जांच कर रहे थे। इससे स्थानीय लोग भी नाराज हुए। शिकायतकर्ताओं ने इसकी जानकारी डिप्टी सीएम और एसएसपी तक पहुंचाई। साथ ही तस्वीरें सोशल मीडिया और अखबारों में भी वायरल हुईं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने समीक्षा की और पाया कि आदेशों का पालन नहीं हुआ। इसके बाद हिर्री थाना प्रभारी अवनीश पासवान को तत्काल लाइन अटैच कर दिया गया।
देखिए जारी आदेश…
